दीप ज्वेलर्स में हुई लूट के बाद साकची बाजार पहुंचे सरयू राय, दुकानदारों से ली जानकारी

    दीप ज्वेलर्स में हुई लूट के बाद साकची बाजार पहुंचे सरयू राय, दुकानदारों से ली जानकारी

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : हॉलमार्किंग के लिए ले जाए जा रहे स्वर्ण व्यवसायी दीप ज्वेलर्स के गहनों को हॉलमार्किंग कर्मचारी से अपराधियों ने लूट लिया था. इस घटना की जानकारी मिलने पर विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि आकाश शाह सहित भाजमो नेताओं ने मौके पर पहुंचकर इस घटना का विरोध किया था और सरयू राय को घटना की जानकारी दी थी. इसके बाद सरयू राय ने शनिवार को साकची बाजार पहुंचकर स्वर्ण व्यवसायी कुलदीप सिंह से मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी ली. दुकानदार ने सरयू राय को घटना का सीसीटीवी फुटेज दिखाया. इसके बाद उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखकर यह महसूस हो रहा है कि जो कर्मचारी हॉलमार्किंग के लिए गहने ले जा रहे थे, उनकी अपराधियों से मिलीभगत है. यह देखना होगा कि जिस एजेंसी को सरकार ने हॉलमार्किंग का कार्य दिया है. उसने सुरक्षा के लिए क्या कोई व्यवस्था की है और उस एजेंसी ने कोई बीमा कराया है अथवा नहीं.

    ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने का अपराधी उठा रहे हैं फायदा

    सरयू राय ने कहा कि बाजार के दुकानदारों ने उन्हें बताया कि बाजार में लगने वाले अस्थायी दुकानों का फायदा अपराधी उठाते हैं और बेधड़क घटना को अंजाम देते है. सरकार ने बाजार के लिए नियम कानून बनाए है लेकिन सुरक्षा की ठोस व्यवस्था नहीं की. बाजार के अंदर नियमित पैट्रोलिंग नहीं होती है. इस वजह से अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और वे निश्चिंत हो गए हैं कि वे कोई भी संगीन अपराध कर बच निकलेंगे. कहा कि वे जिला प्रशासन पर दबाव बनाएंगे कि प्रशासन इस मामले की तहकीकात करे. विशेष अभियान चलाए और मामले का जल्द उद्भेदन करें. ऐसा नहीं होने पर वे राज्य के डीजीपी से जमशेदपुर की हालत के बारे में बात करेंगे.

    सतर्कता बरते दुकानदार

    सरयू राय के व्यवसायिक प्रतिनिधि आकाश शाह ने बाजार के दुकानदारों को मोबाइल नम्बर साझा किया और कोई भी विधि व्यवस्था से संबंधित समस्या होने पर त्वरीत जानकारी प्रदान करने को कहा. आकाश शाह ने व्यापारियों से अपील की कि वे सतर्कता बरते और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को बाजार में असामाजिक गतिविधी करते देखे जाने पर तत्काल सूचित करें. इस दौरान मुख्य रूप से जमशेदपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक हरविंद्र सिंह मंटू, भाजमो जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, शंकर मित्तल, राजेश झा, विकास गुप्ता, अमित शर्मा, अनिल चौधरी, नवीन कुमार, वरूण सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य उपस्थित थे.

    रिपोर्ट : रंजीत ओझा, जमशेदपुर 

     

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news