सीएम ने किया औद्योगिक घरानों को उद्योग लगाने को आमंत्रित, कहा -पूरा सहयोग करेगी सरकार 

    सीएम ने किया औद्योगिक घरानों को उद्योग लगाने को आमंत्रित, कहा -पूरा सहयोग करेगी सरकार 

    बोकारो (BOKARO) राज्य में ज्यादा से ज्यादा पूंजी निवेश हो, यह सरकार की विशेष प्राथमिकता है. इसके लिए एक बेहतर और उम्दा झारखंड औद्योगिक एवं निवेश प्रोत्साहन नीति- 2021 बनाई गई है. औद्योगिक घराने इस राज्य में उद्योग लगाने के लिए आगे आएं, सरकार उन्हें पूरा सहयोग करेगी. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बोकारो में ये बातें कही. मुख्यमंत्री जिला के बालीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में डालमिया भारत सीमेंट संयंत्र की दूसरी इकाई का शिलान्यास के मौके पर बोेल रहे थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक शुरुआत है. आने वाले दिनों में यहां कई बड़े उद्योग लगेंगे, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

     बेहतर औद्योगिक माहौल बना रहे 

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सकारात्मक सोच और मजबूत इच्छाशक्ति हो तो कोई भी काम असंभव नहीं है. इसी सोच के साथ सरकार ने औद्योगिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए कार्य योजना तैयार की है. नई उद्योग नीति बनाई गई है. अपनी  नीतियों और उद्देश्यों को व्यापार जगत के सामने रख रहे हैं. उद्योगपतियों ने  नीति को सराहा और यहां उद्योग लगाने की इच्छा जता रहे हैं. इसी क्रम में डालमिया ग्रुप ने सीमेंट फैक्ट्री के लिए कदम बढ़ाया और उद्योग विभाग के साथ एमओयू किया है. सरकार ने अपना वादा निभाया और डालमिया ग्रुप भी आज अपना वादा निभा रही है. इसका निश्चित तौर पर राज्य और राज्य वासियों को फायदा होगा.

     अगर जमीन दिया है तो उद्योग लगाएं 

    अगर औद्योगिक घरानों को सरकार जमीन देती है तो वे इसका इस्तेमाल उद्योग लगाने में करें,  इसे खाली या अतिक्रमण नहीं होने दें. क्योंकि, बहुत ही उम्मीदों के साथ यहां के रैयतों, गरीबों किसानों और जरूरतमंदों ने अपनी जमीन दी है, ताकि उन्हें रोजगार के साथ सशक्त होने का अवसर मिल सके.

     
     खर्च होंगे 567 करोड़ रुपए 

    राज्य सरकार ने बोकारो जिला के बालीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में डालमिया भारत सीमेंट संयंत्र विस्तारीकरण परियोजना के  के लिए 16 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है. यहां पहले से स्थापित डालमिया भारत सीमेंट संयंत्र की उत्पादन क्षमता 3.7 मिलियन टन प्रति वर्ष है. नई इकाई के चालू होने पर वार्षिक उत्पादन क्षमता बढ़कर 6.2 मिलियन टन हो जाएगी. इसके लिए कंपनी 567 करोड़ रुपए का निवेश करेगी. गौरतलब है कि झारखंड औद्योगिक एवं निवेश प्रोत्साहन नीति- 2021 के तहत इस वर्ष अगस्त में नई दिल्ली में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में डालमिया सीमेंट भारत लिमिटेड और उद्योग विभाग के बीच सीमेंट संयंत्र की स्थापना के लिए एमओयू हुआ था.

    MD और CEO भी थे मौजूद 

    इस अवसर पर मंत्री जगरनाथ महतो, विधायक बिरंची नारायण, जयमंगल सिंह और लंबोदर महतो, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, उद्योग सचिव पूजा सिंघल के अलावा डालमिया भारत ग्रुप के प्रबंध निदेशक पुनीत डालमिया और महेंद्र सिंघी (एमडी एंड सीईओ) विशेष रूप से उपस्थित थे.

    रिपोर्ट : रंजना कुमारी (रांची ब्यूरो)


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news