नेतागिरी के फिराक में दो गुटों में बंटा जेपीएससी छात्र आंदोलन


रांची (RANCHI ) आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का गुट दो भागों में बंट गया है. एक गुट का नाम झारखंड यूथ एसोसिएशन और दूसरे गुट का नाम झारखंड स्टेट स्टूडेंट यूनियन बताया जा रहा है. मंगलवार को इसका उदाहरण देखने को मिला जब जेपीएससी छात्र गुट अलग-अलग प्रदर्शन करते हुए नज़र आए.
गुटबाजी चरम पर
बता दें कि रांची के मोराबादी स्थित बापू वाटिका में तय कार्यक्रम के अनुसार जेपीएससी छात्र का महाजुटान हुआ. उनके समर्थन में बीजेपी विधायक भानु प्रताप शाही, विधायक नवीन जायसवाल और विधायक लंबोदर महतो पहुंचे थे. लेकिन हाथों में बैनर पोस्टर लिए अलग-अलग गुट के अभ्यर्थी विरोध प्रदर्शन करते हुए नजर आए. मिली जानकारी के अनुसार पहले झारखंड यूथ एसोसिएशन के बैनर तले छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था. लेकिन नेतागिरी के फिराक में आन्दोलन दो गुटों में विभाजित हो गया. इस मसले पर एक गुट के अभ्यर्थी से जानना चाहा तो उन्होंने साफ तौर पर माना कि गुटबाजी हो रही है. झारखंड यूथ एसोसिएशन गुट के अभ्यर्थी सफी इमाम का कहना है कि 6 महीने पहले हमने झारखंड यूथ एसोसिएशन बनाया था, लेकिन इसे अब हाईजैक कर लिया गया है, जो कि गलत है. ऐसे में जो हमारा मिशन है, वह कैसे सफल हो सकता है. बहरहाल इन सबके बीच आंदोलन जारी है.
रिपोर्ट :अभिनव कुमार (रांची )
4+