मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक गणपति मंदिर का होगा भव्य कायाकल्प, महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने किया भूमिपूजन

    मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक गणपति मंदिर का होगा  भव्य कायाकल्प, महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने किया भूमिपूजन

    टीनपी डेस्क (TNP DESK): मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक गणपति मंदिर का अब भव्य कायाकल्प होने जा रहा है. प्रभादेवी स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर में हर दिन उमड़ने वाली हजारों भक्तों की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इसके आधुनिकीकरण और सुंदरीकरण के एक बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है. इस प्रोजेक्ट को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहले चरण का भूमिपूजन किया. इस अवसर पर राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मंदिर न्यास के अध्यक्ष सदा सरवणकर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर मंदिर के नए मास्टर प्लान और शानदार डिजाइन की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक परियोजना के पूरा होने के बाद सिद्धिविनायक मंदिर को एक नया वैभव और अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिलेगा.

    आपको बता दें, इस व्यापक विकास योजना के तहत मंदिर परिसर में एक अत्याधुनिक और सुव्यवस्थित कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिससे भक्तों को कम समय में कतार प्रबंधन के जरिए सुगम दर्शन मिल सकेंगे. इसके अलावा प्रतीक्षा कक्ष, बैठने की उत्तम व्यवस्था और मौसम से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पूरे परिसर में अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली, तकनीकी निगरानी व्यवस्था और बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. साथ ही मंदिर के आसपास की आधारभूत संरचना को भी अपग्रेड किया जाएगा, जिसमें सड़कों का चौड़ीकरण, सुचारू यातायात व्यवस्था, नए प्रवेश व निकास मार्ग और व्यवस्थित पार्किंग सुविधाएं शामिल हैं.



    Related News