बर्मा माइंस का मुद्दा गरमाया, विधायक पूर्णिमा दास साहू ने DC को चेताया, नहीं हुआ समाधान तो सड़क पर होगा आंदोलन

    बर्मा माइंस का मुद्दा गरमाया, विधायक पूर्णिमा दास साहू ने DC को चेताया, नहीं हुआ समाधान तो सड़क पर होगा आंदोलन

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने जिले के उपायुक्त से मुलाकात कर क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को उनके समक्ष रखा. बैठक के दौरान उन्होंने बर्मा माइंस क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण और अवैध ट्रैफिक को सबसे बड़ी समस्या बताते हुए इसके शीघ्र समाधान की मांग की.

    विधायक ने उपायुक्त को बताया कि बर्मा माइंस इलाके में लगातार प्रदूषण और अनियंत्रित भारी वाहनों के आवागमन से आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी जिला प्रशासन के अधिकारियों को जानकारी दी गई थी, जिसके बाद कुछ समय तक व्यवस्था सुधरी, लेकिन फिर हालात जस के तस हो गए.

    बैठक में टाटा कंपनी की सब-लीज जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू करने और पानी कनेक्शन शुल्क को कम करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई. विधायक ने कहा कि इन समस्याओं का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और लंबे समय से लोग समाधान का इंतजार कर रहे हैं.

    पूर्णिमा दास साहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जल्द इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे प्रभावित लोगों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगी. उन्होंने बताया कि उपायुक्त और टाटा कंपनी के प्रतिनिधियों से उन्हें आश्वासन मिला है कि समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे. विधायक ने कहा कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाएंगी.

    रिपोर्ट : रंजीत ओझा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news