PF निकालना होगा अब और आसान, मोबाइल पर UPI PIN डालते ही मिनटों में खाते में आ जायेंगे पैसा

    PF निकालना होगा अब और आसान, मोबाइल पर UPI PIN डालते ही मिनटों में खाते में आ जायेंगे पैसा

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK): क्या आपको भी पीएफ का पैसा निकालने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है. बार-बार पोर्टल लॉगिन करने और क्लेम पास होने का इंतजार करने वाले करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. सरकार अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO की व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है. आने वाले समय में EPFO सदस्य सीधे UPI के जरिए अपने पीएफ खाते से पैसा निकाल सकेंगे. यानी जिस तरह लोग रोजमर्रा में Google Pay, PhonePe या Paytm का इस्तेमाल करते हैं, उसी तरह अब PF withdrawal भी आसान और तेज हो जाएगा.

    केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया के अनुसार इस नई सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और इसे जल्द ही आम लोगों के लिए शुरू किया जाएगा. सरकार का उद्देश्य पीएफ निकासी प्रक्रिया को आसान, पेपरलेस और तेज बनाना है ताकि कर्मचारियों को इमरजेंसी में तुरंत पैसा मिल सके. अभी तक पीएफ का पैसा निकालने के लिए EPFO पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन क्लेम फॉर्म भरना पड़ता है. इसके बाद दस्तावेजों की जांच, वेरिफिकेशन और प्रोसेसिंग में कई दिन लग जाते हैं. कई मामलों में कर्मचारियों को क्लेम सेटलमेंट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है.

    लेकिन नए UPI आधारित सिस्टम के लागू होने के बाद पूरी प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी. सदस्य सबसे पहले अपने EPF अकाउंट में लॉगिन कर यह देख सकेंगे कि वे कितनी राशि निकालने के लिए पात्र हैं. इसके बाद वे सीधे UPI विकल्प चुनकर अपना UPI PIN दर्ज करेंगे और पैसा तुरंत उनके लिंक्ड बैंक अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगा. इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लोगों को कागजी प्रक्रिया, बैंक वेरिफिकेशन और लंबी प्रोसेसिंग का सामना कम करना पड़ेगा. पैसा खाते में आने के बाद कर्मचारी उसे तुरंत ATM से निकाल सकेंगे या डिजिटल पेमेंट के लिए इस्तेमाल कर सकेंगे.

    नई व्यवस्था बिल्कुल सामान्य डिजिटल पेमेंट सिस्टम की तरह काम करेगी. इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें होंगी, पहला शर्तें है कि कर्मचारी का UAN (Universal Account Number) एक्टिव होना चाहिए, आधार, बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर EPFO रिकॉर्ड से लिंक होना जरूरी होगा. KYC पूरी तरह अपडेट और वेरिफाइड होना चाहिए, UPI ID उसी बैंक खाते से जुड़ी होनी चाहिए जो EPFO रिकॉर्ड में दर्ज है. जब सदस्य निकासी प्रक्रिया शुरू करेगा, तब सिस्टम उपलब्ध निकासी राशि दिखाएगा. ध्यान देने वाली बात यह है कि पूरा PF बैलेंस निकालने की अनुमति हर स्थिति में नहीं होगी. नियमों के अनुसार केवल निर्धारित राशि ही निकाली जा सकेगी, जबकि बाकी पैसा खाते में सुरक्षित रहेगा.

    सरकार पहले ही EPFO के ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम को मजबूत कर चुकी है. बीमारी, शिक्षा, शादी या घर से जुड़ी जरूरतों जैसी आपात स्थितियों के लिए ऑटो-सेटलमेंट की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है.ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम में कंप्यूटर आधारित प्रोसेस के जरिए क्लेम का निपटारा किया जाता है, जिससे कई मामलों में तीन दिनों के भीतर पैसा जारी हो जाता है. अब UPI सिस्टम जुड़ने के बाद यह प्रक्रिया और भी तेज होने की उम्मीद है. EPFO अगले कुछ समय में WhatsApp आधारित हेल्प डेस्क सेवा भी शुरू करने की तैयारी में है. इस सुविधा के जरिए सदस्य सिर्फ EPFO के वेरिफाइड व्हाट्सएप नंबर पर “Hello” भेजकर कई जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे. इसके माध्यम से लोग PF बैलेंस चेक कर सकेंगे , क्लेम स्टेटस जान सकेंगे, हाल के ट्रांजैक्शन देख सकेंगे , जरूरी सहायता प्राप्त कर सकेंगे

    यह सेवा क्षेत्रीय और स्थानीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराने की योजना है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें. खासतौर पर उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है जिन्हें आधार वेरिफिकेशन या DBT एक्टिवेशन में दिक्कत आती है. सरकार की इस डिजिटल पहल से देश के करोड़ों EPFO खाताधारकों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है. तेज क्लेम सेटलमेंट, आसान निकासी प्रक्रिया और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से कर्मचारियों को अब अपने PF पैसे के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. आने वाले समय में EPFO की यह नई व्यवस्था भारत के डिजिटल फाइनेंशियल सिस्टम में बड़ा बदलाव साबित हो सकती है.

     



    Related News