कौन है थलापति जिसने बड़े-बड़े सुर्माओं को एक बार में ही दे दी मात, तमिलनाडु चुनाव 2026 में बदल दिए खेल के नियम

    कौन है थलापति जिसने बड़े-बड़े सुर्माओं को एक बार में ही दे दी मात, तमिलनाडु चुनाव 2026 में बदल दिए खेल के नियम

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): तमिलनाडु की राजनीति में इस बार एक ऐसा मोड़ आया है जिसने पारंपरिक समीकरणों को हिला कर रख दिया है. सिनेमा के सुपरस्टार से नेता बने जोसेफ विजय चंद्रशेखर ने अपनी नई पार्टी के साथ पहली ही चुनावी परीक्षा में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने राज्य की राजनीति को पूरी तरह से नया आकार दे दिया है. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के शुरुआती रुझानों ने एक अप्रत्याशित राजनीतिक कहानी लिखनी शुरू कर दी है. अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) ने अपने पहले ही चुनाव में जोरदार उपस्थिति दर्ज कराई है. 234 सीटों पर जारी मतगणना के बीच TVK ने कई सीटों पर बढ़त बनाकर राज्य की दो पारंपरिक ताकत,  DMK और AIADMK को कड़ी चुनौती दी.

    शुरुआत में मुकाबला मुख्य रूप से दो प्रमुख दलों के बीच माना जा रहा था, लेकिन जैसे-जैसे रुझान सामने आए, विजय की पार्टी ने अचानक बढ़त बनाकर चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया. कुछ समय के लिए TVK 60 से अधिक सीटों पर आगे दिखी, जिसने राजनीतिक विश्लेषकों को भी चौंका दिया. हालांकि बाद में AIADMK ने वापसी के संकेत दिए, जिससे मुकाबला और रोमांचक हो गया.

    विजय का राजनीतिक सफर उतना ही दिलचस्प है जितना उनका फिल्मी करियर. 2024 में उन्होंने अभिनय से दूरी बनाते हुए राजनीति में कदम रखा और अपनी पार्टी की स्थापना की. यह फैसला उनके प्रशंसकों के लिए अचानक था, लेकिन उन्होंने इसे “जनसेवा की दिशा में कदम” बताया. फिल्मों में उनकी छवि एक ऐसे नायक की रही है जो भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ लड़ता है. यही छवि अब उनकी राजनीतिक पहचान का आधार बन रही है. उनकी लोकप्रियता और मजबूत फैन बेस ने उन्हें चुनावी मैदान में शुरुआती बढ़त दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

    तमिलनाडु में फिल्मी सितारों का राजनीति में आना कोई नई बात नहीं है. अतीत में कई बड़े सितारे सत्ता के शीर्ष तक पहुंचे हैं. हालांकि हाल के वर्षों में इस परंपरा को वैसी सफलता नहीं मिली थी. ऐसे में विजय का उभार एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है.

    युवा वोटर्स पर खास फोकस
    विजय की राजनीति पारंपरिक मुद्दों से हटकर नजर आती है. उनका जोर रोजगार, शिक्षा, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और बेहतर प्रशासन पर है. खासतौर पर युवा मतदाताओं को आकर्षित करने में उनकी रणनीति असरदार साबित होती दिख रही है. यही कारण है कि इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य में बदलाव की चाह को दर्शाता है.

    क्या बनेंगे मुख्यमंत्री?
    हालांकि अंतिम नतीजे अभी आना बाकी हैं, लेकिन इतना स्पष्ट है कि विजय और उनकी पार्टी ने राज्य की राजनीति में मजबूत पकड़ बना ली है. अगर रुझान परिणामों में तब्दील होते हैं, तो वे न केवल “किंगमेकर” की भूमिका निभा सकते हैं, बल्कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में भी गंभीर दावेदार बन सकते हैं. तमिलनाडु की राजनीति अब एक नए मोड़ पर खड़ी है, जहां एक फिल्मी सितारे की एंट्री ने सत्ता की पूरी कहानी को बदलने की क्षमता दिखा दी है. आने वाले नतीजे यह तय करेंगे कि यह शुरुआत सिर्फ एक लहर है या एक स्थायी बदलाव.



    Related News