ये कैसा पहरा...रिम्स अस्पताल से बाल कैदी हुआ फरार, पेट में तेज दर्द की शिकायत से पहुंचा ट्रॉमा सेंटर

    ये कैसा पहरा...रिम्स अस्पताल से बाल कैदी हुआ फरार, पेट में तेज दर्द की शिकायत से पहुंचा ट्रॉमा सेंटर

    रांची (RANCHI): झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स से एक बाल कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है. चोरी के आरोप में निरुद्ध यह बाल कैदी मंगलवार सुबह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर रिम्स के ट्रॉमा सेंटर से भाग निकला.

    मिली जानकारी के अनुसार, फरार बाल कैदी को रांची के डूमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में रखा गया था. बताया जा रहा है कि दो दिन पहले उसने पेट में तेज दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद बाल सुधार गृह प्रशासन ने उसे इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था. मंगलवार सुबह अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद वह किसी तरह मौका पाकर वहां से फरार हो गया.

    बताया जा रहा है कि यह बाल कैदी रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उस पर इलाके में हुई एक चोरी की घटना में शामिल होने का आरोप है. पुलिस की लगातार दबिश और दबाव के चलते उसने चार दिन पहले आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया था.

    हालांकि सुधार गृह में रहने के महज दो दिन बाद ही उसने अचानक तबीयत खराब होने की शिकायत की और इलाज के बहाने अस्पताल पहुंच गया. इसी दौरान उसने सुरक्षा में चूक का फायदा उठाते हुए ट्रॉमा सेंटर से फरार होने में सफलता हासिल कर ली.

    घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और बाल कैदी की तलाश तेज कर दी गई है. साथ ही अस्पताल और सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. पुलिस का कहना है कि फरार बाल कैदी को जल्द पकड़ लिया जाएगा और मामले में लापरवाही बरतने वालों की भी जांच की जाएगी.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news