दिसोम गुरु की स्मृति में झामुमो का 47 वां झारखंड दिवस, सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब


Dumka: दुमका के गांधी मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 47 वां झारखंड दिवस भव्य रूप से मनाया. एसपी कॉलेज से विधायक बसंत सोरेन के नेतृत्व में निकाले गए विशाल जुलूस में संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों से पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए.
दिसोम गुरु के चरणों में नमन, सीएम हेमंत सोरेन ने फहराया पार्टी ध्वज
पोखरा चौक स्थित सिदो कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गांधी मैदान पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पार्टी ध्वज फहराया और दिसोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धा सुमन अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
दिसोम गुरु की विरासत को सुनने ठंड में भी डटी रही जनता
कड़ाके की ठंड के बावजूद दिसोम गुरु की विचारधारा और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सुनने के लिए गांधी मैदान में जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोगों में झारखंड दिवस को लेकर खास उत्साह देखने को मिला
दिसोम गुरु को याद कर भावुक हुए सीएम, बोले—गर्व है ऐसे वीर सपूत की संतान होने पर
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिसोम गुरु शिबू सोरेन को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने हमें संघर्ष का रास्ता दिखाया, आज वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार हमारी ताकत हैं।
दिशोम गुरु के सपनों का झारखंड गढ़ रही हेमंत सरकार
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार मूलवासी, आदिवासी और महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रही है। दिसोम गुरु के सपनों का झारखंड बनाने के लिए योजनाएं गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही हैं।
दिसोम गुरु के राज्य के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं : सीएम हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड देश का सबसे बड़ा खनिज संपदा वाला राज्य है, इसके बावजूद बजट में इसकी उपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि अब झारखंड के अधिकार के लिए संघर्ष होगा।
हर साजिश का जवाब देना जानते हैं : सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के लोगों को कमजोर समझने की भूल न करें। यहां के लोग राजनीतिक षड्यंत्रों और विपक्ष की चालों को समय रहते समझ लेते हैं और करारा जवाब देते हैं।
दिसोम गुरु ने सिखाया जल-जंगल-जमीन की लड़ाई : डॉ. लुईस मरांडी
जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने कहा कि दिसोम गुरु शिबू सोरेन ने जल, जंगल और जमीन के अधिकार की लड़ाई का मंत्र दिया। आज उसी विचारधारा पर चलकर हेमंत सोरेन राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं।
दिसोम गुरु की बदौलत ऐतिहासिक भीड़, हेमंत सोरेन पर अटूट विश्वास : हेमलाल मुर्मू
लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि आज गांधी मैदान में जो ऐतिहासिक भीड़ जुटी है, वह दिसोम गुरु की देन है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन आदिवासियों के नेता हैं।
दिसोम गुरु की विरासत बचाने की जिम्मेदारी हम सबकी : विजय हांसदा
सांसद विजय हांसदा ने कहा कि पूरे झारखंड में एसआईआर को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को सजग रहना होगा। दिसोम गुरु ने जो मजबूत परिवार बनाया है, उसकी रक्षा करना हम सबका दायित्व है।
दिसोम गुरु की एकता को तोड़ने की साजिश से सतर्क रहें : हफीजुल
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि दिसोम गुरु हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उन्होंने एक मजबूत झारखंड सौंपा है। आज फिरका परस्त ताकतें आदिवासी और अल्पसंख्यक एकता को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं।
4+