पलामू (PALAMU): चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है और अब इस मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. ऐसे में हालही में मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ “महाकाल” अब भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. शुक्रवार को पुलिस आरोपी के घर तक पहुंच गई और जेसीबी मशीन के साथ कार्रवाई करते हुए कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने साफ कहा है कि इस अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
इस हत्याकांड की शुरुआत एक सनसनीखेज घटना से हुई, जब सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके में रविवार को एक युवक का शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. पुलिस ने तुरंत पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की. बाद में मृतक की पहचान स्थानीय कारोबारी विनीत तिवारी के रूप में हुई, जिससे मामला और गंभीर हो गया.
प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ कि यह कोई साधारण हत्या नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है. जानकारी के मुताबिक, शनिवार को समदा आहार इलाके में कुछ युवकों के साथ विनीत तिवारी की कहासुनी हुई थी. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया. परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया, लेकिन अगले ही दिन सुबह जंगल क्षेत्र से एक शव मिलने की सूचना आई.
जब पुलिस टीम चियांकी के जोरकट इलाके में पहुंची, तो शव की पहचान विनीत तिवारी के रूप में हुई. शव की स्थिति ने इस आशंका को और मजबूत कर दिया कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि इस हत्या के पीछे जमीन विवाद या पुरानी रंजिश हो सकती है. इसी दिशा में पुलिस भी जांच कर रही है.
इस मामले को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भी भारी डर और आक्रोश का माहौल है. शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. मौके पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, डीएसपी राजीव रंजन समेत कई अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है. जांच की सुई फिलहाल मृतक के एक पड़ोसी की ओर भी घूम रही है, जिसे इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि पुलिस अभी हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और हर एंगल से इसकी जांच की जा रही है. लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है. वहीं एसपी ने यह भी दोहराया कि पलामू में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून का राज हर हाल में कायम किया जाएगा.

