धनबाद (DHANBAD): गैंगस्टरों के खिलाफ धनबाद पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है. एक तरह से कहा जाए तो प्रिंस खान गैंग के "थिंक टैंक" को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एसएसपी प्रभात कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है और बताया कि धनबाद पुलिस की समन्वय से उसे कोलकाता लाया गया और उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जाता है कि अब कोलकाता से उसे धनबाद लाया जाएगा. सैयद अब्बास नकवी उर्फ़ सैफी उर्फ़ मेजर को प्रिंस खान गिरोह का "राइट हैंड" माना जाता रहा है.
मेजर के नाम से धमकी भरा पत्र वही वायरल करता था. बताया जाता है कि धनबाद पुलिस लंबे समय से सैफी पर नजर रख रही थी. कोलकाता एयरपोर्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. अब पूछताछ में गैंग से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है. गैंग पर आरोप है कि वह धनबाद सहित झारखंड के बड़े कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी वसूलता है.
संगठित अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस के अभियान की यह एक बहुत बड़ी सफलता मानी जा रही है. इसके पहले भी धनबाद पुलिस ने गैंग से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान ने अपना ठिकाना दुबई से बदलकर पाकिस्तान कर लिया है. गिरोह पर आरोप है कि वह धनबाद और झारखंड के बड़े कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी की रकम हवाला के जरिए विदेश भेजता रहा है.


