'तेरे नाम' Re-release! सिनेमा घरों में 23 साल बाद एक बार फिर नज़र आएगा राधे और निर्झरा का प्यार

    Bollywood Buzz: रोमांटिक फिल्मों की बात हो और जिक्र बॉलीवुड के भाई की फिल्म 'तेरे नाम' का जिक्र ना हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. सलमान खान की आइकॉनिक रोमांटिक फिल्म ‘तेरे नाम’ एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. साल 2003 में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों ने भले ही उस वक्त बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट न बनाया हो, लेकिन राधे और निर्झरा की दर्दभरी प्रेम कहानी आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है. अब 23 साल बाद यह कल्ट फिल्म 27 फरवरी 2026 को दोबारा बड़े पर्दे पर रिलीज होगी.

    'तेरे नाम' Re-release! सिनेमा घरों में 23 साल बाद एक बार फिर नज़र आएगा राधे और निर्झरा का प्यार

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): रोमांटिक फिल्मों की बात हो और जिक्र बॉलीवुड के भाई की फिल्म 'तेरे नाम' का जिक्र ना हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. सलमान खान की आइकॉनिक रोमांटिक फिल्म ‘तेरे नाम’ एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. साल 2003 में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों ने भले ही उस वक्त बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट न बनाया हो, लेकिन राधे और निर्झरा की दर्दभरी प्रेम कहानी आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है. अब 23 साल बाद यह कल्ट फिल्म 27 फरवरी 2026 को दोबारा बड़े पर्दे पर रिलीज होगी.

    बीते कुछ समय से पुरानी फिल्मों की री-रिलीज का चलन तेजी से बढ़ा है और इसी कड़ी में ‘तेरे नाम’ की वापसी तय की गई है. फिल्म की री-रिलीज की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की भावनाएं उमड़ पड़ी हैं. लोग एक बार फिर सलमान खान के उस किरदार को देखने के लिए उत्साहित हैं, जिसने उन्हें हंसाया भी और रुलाया भी.

    दिवंगत निर्देशक सतीश कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान के साथ भूमिका चावला नजर आई थीं. फिल्म का संगीत, संवाद और भावनात्मक दृश्य आज भी दर्शकों को याद हैं. खासतौर पर सलमान खान का राधे वाला किरदार उनके करियर के सबसे यादगार रोल्स में गिना जाता है. कई प्रशंसक आज भी मानते हैं कि ‘तेरे नाम’ में सलमान की परफॉर्मेंस उनकी बेहतरीन अदाकारी में से एक है.

    री-रिलीज की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार पोस्ट शेयर कर रहे हैं. कोई राधे की वापसी को लेकर उत्साह जता रहा है, तो कोई इस फिल्म को बॉलीवुड की सबसे दर्दनाक प्रेम कहानियों में से एक बता रहा है. कई यूजर्स का कहना है कि 27 फरवरी को वे थिएटर में जाकर फिर से उस प्यार और पीड़ा को महसूस करेंगे.

    करीब 12 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘तेरे नाम’ ने अपने शुरुआती दौर में लगभग 19.59 करोड़ रुपये की कमाई की थी और औसत प्रदर्शन किया था. अब फिल्म इंडस्ट्री की नजर इस बात पर टिकी है कि दो दशक से ज्यादा समय बाद री-रिलीज पर यह फिल्म दर्शकों को कितना आकर्षित कर पाती है.

    गौरतलब है कि सलमान खान पहले ‘तेरे नाम 2’ को लेकर भी संकेत दे चुके थे, लेकिन सतीश कौशिक के निधन के बाद यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी. फिलहाल फैंस के लिए यही बड़ी खबर है कि राधे और निर्झरा की कहानी एक बार फिर सिनेमाघरों में जादू बिखेरने को तैयार है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news