टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मध्य प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला तहसीलदार को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. खास बात यह है कि आरोपी अधिकारी कौन बनेगा करोड़पति में प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी हैं. अब उन्हीं पर करीब 2.5 करोड़ रुपये के बाढ़ राहत घोटाले में शामिल होने का गंभीर आरोप लगा है.
मिली जानकारी के अनुसार, अमृता सिंह तोमर को गुरुवार को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया. बताया जा रहा है कि यह मामला साल 2021 में बड़ौदा तहसील में हुए कथित वित्तीय घोटाले से जुड़ा है. जांच एजेंसियों का कहना है कि बाढ़ राहत राशि के वितरण में बड़े स्तर पर अनियमितताएं की गईं, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा.
अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें शिवपुरी जेल भेज दिया गया है. इस पूरे मामले की जांच जारी है और अन्य संबंधित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
गौरतलब है कि अमृता सिंह तोमर उस समय सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने “कौन बनेगा करोड़पति” में भाग लेकर 50 लाख रुपये जीते थे. शो में उनके प्रदर्शन ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई थी. लेकिन अब उन्हीं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों ने उनकी छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह मामला एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर बहस छेड़ रहा है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


