जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के गैंग से जुड़े आरोपी दशरथ शुक्ला को जमशेदपुर कोर्ट से जमानत मिल गई है. रंगदारी मांगने और अवैध हथियार रखने के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार यह आरोपी अब जेल से बाहर आ गया है, जिसके बाद स्थानीय कारोबारियों और आम लोगों में फिर से भय का माहौल बन गया है.
जानकारी के मुताबिक, दशरथ शुक्ला पर एक लकड़ी व्यवसायी से करीब दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप था. इस मामले में व्यवसायी के स्टाफ के बयान के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया था. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की और आरोपी की तलाश शुरू की.
कुछ महीने पहले रांची और बुंडू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बुंडू सूर्य मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कई हथियार बरामद किए गए, जिनमें पिस्टल, रिवॉल्वर और बड़ी संख्या में कारतूस शामिल थे. इस बरामदगी ने मामले को और संवेदनशील बना दिया था.
गिरफ्तारी के बाद से वह जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद था. उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और रंगदारी से जुड़े विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था. पूछताछ में उसके प्रिंस खान गिरोह से संबंध भी सामने आए, जिससे जांच का दायरा और बढ़ा.
इस केस में पुलिस ने झारखंड के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी कई जगहों पर छापेमारी कर गैंग से जुड़े अन्य लोगों को पकड़ा था. हालांकि अब आरोपी के जमानत पर बाहर आने के बाद पुलिस ने निगरानी और सख्त कर दी है.
अधिकारियों का कहना है कि दशरथ शुक्ला की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी. वहीं, इस घटनाक्रम ने एक बार फिर संगठित अपराध और रंगदारी के मामलों पर काबू पाने की चुनौती को सामने ला दिया है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


