Mob Lynching in Palamu: चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम


पलामू (PALAMU): जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाही गांव में शनिवार देर रात एक युवक की ग्रामीणों द्वारा कथित पिटाई से मौत हो गई. मृतक की पहचान कोकरसा गांव निवासी मनोज राम के 25 वर्षीय पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने पवन कुमार पर एक घर में चोरी की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहां पवन कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला.
पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
थाना प्रभारी के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप है कि पवन कुमार चोरी की नीयत से घर में घुसा था, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर मारपीट की. हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अस्पताल पुलिस चौकी की एएसआई सुशीला टोप्पो पुलिस जवानों के साथ अस्पताल पहुंचीं और परिजनों से पूछताछ के बाद शव का इंक्वेस्ट कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है.
4+