टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आपने दुनिया में एक से बढ़कर एक प्यार के किस्से सुने होंगे. पर इन दिनों समाज में ऐसे भयावह मामले सामने आ रहे हैं जिन्होंने लोगों के मन में प्यार के प्रति डर पैदा कर दिया है. ताज़ा मामला एक्स्ट्रा मैरिटल अफेर से जुड़ा है जहां पत्नी ने अपने देवर के लिए प्यार की सारी हदें पार कर दी है.
मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले का है, जहां एक महिला ने अपने प्रेम संबंध के चलते अपने ही बीएसएफ जवान पति की हत्या की साजिश रच डाली. इंचौली थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
दरअसल मृतक जवान नैन सिंह की हत्या पहले एक सामान्य आपराधिक घटना लग रही थी, लेकिन जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. एसएसपी अविनाश पांडे के अनुसार, शुरुआती दौर में परिवार ने पड़ोसी पर शक जताते हुए मामला दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में यह आरोप गलत साबित हुआ.
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी कोमल का अपने मौसेरे देवर गुलशन के साथ अवैध संबंध था. इस रिश्ते को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. जब नैन सिंह ने इसका विरोध किया, तो दोनों ने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रच ली.
पुलिस के मुताबिक, कोमल ने अपने जेवर गिरवी रखकर पैसे जुटाए, जिससे गुलशन ने अवैध हथियार खरीदा. इसके बाद 28 मार्च की रात, जब नैन सिंह अपने घर में सो रहे थे, तभी उन्हें गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस साजिश में गुलशन के अलावा राहुल उर्फ पवन, गुड्डू और मोंटू भी शामिल थे.
नैन सिंह वर्ष 2011 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के मालदा में तैनात थे. वह हाल ही में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे, लेकिन इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध .315 बोर का हथियार, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं, आरोपी पत्नी कोमल पेशी के दौरान बेहोश हो गई, जिसके बाद उसे तत्काल वहां से हटाया गया.
Thenewspost - Jharkhand
4+


