बिहार में घना कोहरा बना मुसीबत, रेल-हवाई सेवाएं प्रभावित, जनजीवन अस्त-व्यस्त


पटना(PATNA):बिहार के कई जिलों में ठंड के साथ घना कोहरा लगातार तीसरे दिन जनजीवन को प्रभावित कर रहा है. सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने से लोगों को काम-काज और यात्रा में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर राजधानी पटना और इसके आसपास के इलाकों में सड़क, रेल और विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई है.
कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से पहुंची
पटना जंक्शन पर तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, अमृत भारत, मगध एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से पहुंची. कुछ ट्रेनें सात घंटे तक लेट रही, जिससे यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट गई.कई यात्रियों को कड़ाके की ठंड में रात पटना में ही गुजारनी पड़ी. मगध एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे आलोक कुमार को भागलपुर जाने के लिए रात में बांका इंटरसिटी का सहारा लेना पड़ा.हवाई सेवाओं पर भी कोहरे का असर साफ दिखा. दिल्ली-पटना की एआई1749 और पटना-दिल्ली की एआई1892 फ्लाइट रद्द करनी पड़ी, जबकि कई अन्य उड़ानें घंटों देरी से संचालित हुई. क्रिसमस और स्कूलों की छुट्टियों के कारण पर्यटन के लिए आए यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई.
बीपी और शुगर के मरीज बरते विशेष सावधानी
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि ठंड और कोहरे के कारण बीपी और शुगर के मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. दवाएं नियमित रूप से लें, अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और बाहर जाते समय गर्म कपड़े पहनें. बच्चों और बुजुर्गों को टोपी, स्वेटर और जैकेट पहनाने की सलाह दी गई है.खुले वाहनों के प्रयोग से बचने और मजदूरों-किसानों के लिए अलाव की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया है.कुल मिलाकर, बिहार में ठंड और कोहरे का यह दौर आम जनजीवन के साथ-साथ परिवहन और पर्यटन गतिविधियों पर भी गहरा असर डाल रहा है.ऐसे में सतर्कता और स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो गया है.
4+