BIG BREAKING: रांची के चर्चित कावेरी होटल के मालिक लव भाटिया की रहस्यमयी मौत, मौके पर पहुंची पुलिस, अलग-अलग ऐंगल से कर रही है जांच

    BIG BREAKING: रांची के चर्चित कावेरी होटल के मालिक लव भाटिया की रहस्यमयी मौत, मौके पर पहुंची पुलिस, अलग-अलग ऐंगल से कर रही है जांच

    रांची (RANCHI): राजधानी के कारोबारी जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है. शहर के प्रसिद्ध कैपिटल हिल और कावेरी होटल के संचालक आशीष भाटिया के पुत्र लव भाटिया उर्फ अभिमन्यु भाटिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अचानक हुई इस घटना से व्यापारिक जगत और शहर में शोक का माहौल है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार को लव भाटिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई. हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल लालपुर स्थित ऑर्किड अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम ने उनका इलाज शुरू किया और उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

    फिलहाल उनकी मौत किन कारणों से हुई, इसको लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है. परिवार की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने भी मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की है. ऐसे में पूरे मामले को लेकर रहस्य बना हुआ है. लव भाटिया का नाम करीब 17 साल पहले उस समय सुर्खियों में आया था, जब उनका अपहरण कर लिया गया था. वर्ष 2009 में वे मेन रोड स्थित पंजाब स्वीट हाउस बंद कर रात में घर लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने रास्ते से उनका अपहरण कर लिया था. इस मामले में उनके पिता आशीष भाटिया ने लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उस घटना ने उस समय पूरे रांची शहर को हिला कर रख दिया था. तत्कालीन एसएसपी प्रवीण सिंह ने एनकाउंटर कर हजारीबाग में बड़े वारदात के बाद उन्हें सकुशल बरामद किया था. 

    अब एक बार फिर लव भाटिया का नाम अचानक हुई मौत के कारण चर्चा में है. इस दुखद खबर के बाद शहर के कई व्यापारी, सामाजिक लोग और परिचित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं. हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं.



    Related News