कोडरमा (KODERMA): झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच हजारीबाग एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कोडरमा में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग समेत सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई गुरुवार को कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में की गई. एसीबी की विशेष टीम ने पहले से मिली शिकायत के आधार पर जाल बिछाया था. आरोप था कि बिजली विभाग का एक लाइनमैन काम कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था. शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की. बताया जा रहा है कि आरोपी लाइनमैन को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते समय टीम ने मौके पर ही दबोच लिया. जैसे ही उसने पैसे लिए, एसीबी के अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
इस कार्रवाई से झुमरी तिलैया बिजली सब-डिवीजन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. एसीबी की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने भी संतोष जताया है. लोगों का कहना है कि सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी आम समस्या बनती जा रही है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.

