Breaking: रांची में बड़े नाले से मिले मानवीय अवशेष, 18 माह की लापता अदिति प्रकरण में जांच हुई तेज़

    Breaking: रांची में बड़े नाले से मिले मानवीय अवशेष, 18 माह की लापता अदिति प्रकरण में जांच हुई तेज़

    रांची (RANCHI): रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर खोरहा टोली से लापता हुई 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडे मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. सूचना मिली है कि मंगलवार को पुलिस को एक बड़े नाले से कुछ मानवीय अवशेष मिले हैं. आशंका जताई जा रही है कि यह अवशेष लापता बच्ची अदिति के हो सकते हैं.

    जानकारी के अनुसार, बच्ची रविवार को घर के बाहर खेल रही थी, तभी वह अचानक लापता हो गई. काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और कई टीमों को बच्ची की तलाश में लगाया गया.

    स्थानीय लोगों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. पुलिस ने बच्ची के बारे में सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की थी. जांच के दौरान पुलिस का शक घर के पास बहने वाले बड़े नाले पर गया, क्योंकि आशंका थी कि बच्ची किसी हादसे का शिकार होकर उसमें गिर गई होगी.

    इसी क्रम में मंगलवार को गाड़ीगांव इलाके के बड़े नाले से बच्ची के शव के अवशेष बरामद किए गए. घटना की खबर सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया. पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि पहचान की पुष्टि हो सके. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर छोटे बच्चों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.



    Related News