BREAKING: 5 हजार रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथों दबोचा

    BREAKING: 5 हजार रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथों दबोचा

    बोकारो (BOKARO): झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है. इसी क्रम में धनबाद एसीबी टीम ने बोकारो में बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) अयूब अंसारी को 5 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई बोकारो के नया मोड़ इलाके में की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, अयूब अंसारी एक आपराधिक मामले के अनुसंधान पदाधिकारी (IO) थे. आरोप है कि उन्होंने केस डायरी को कमजोर करने और आरोपी पक्ष को राहत पहुंचाने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी. 

    शिकायतकर्ता पैसे देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने पूरे मामले की जानकारी धनबाद एसीबी को दी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन कराया. आरोप सही पाए जाने पर डीएसपी स्तर के अधिकारी की अगुवाई में विशेष टीम गठित कर जाल बिछाया गया. तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर नया मोड़ पहुंचा. जैसे ही उसने केमिकल लगे नोट एएसआई अयूब अंसारी को सौंपे, पहले से तैनात एसीबी टीम ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया.

    कार्रवाई के दौरान एसीबी ने आरोपी पुलिस अधिकारी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद की. जांच प्रक्रिया के तहत जब उनके हाथ धुलवाए गए तो पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे यह साबित हो गया कि उन्होंने रिश्वत की रकम को हाथ लगाया था. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ धनबाद ले गई, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है. इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की बड़ी सफलता माना जा रहा है. वहीं, घटना के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल तेज हो गई है.



    Related News