रांची (RANCHI): राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस बार रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में संचालित पासपोर्ट कार्यालय को निशाना बनाते हुए अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए धमकी भेजी. मेल में पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की बात कही गई थी.
धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई. कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर में गहन तलाशी अभियान शुरू किया.
पासपोर्ट ऑफिस और मॉल परिसर की बारीकी से जांच
सुरक्षा एजेंसियों ने पासपोर्ट कार्यालय के अंदर और आसपास के इलाके की सघन जांच की. इसके साथ ही गैलेक्सिया मॉल के अलग-अलग हिस्सों में भी तलाशी अभियान चलाया गया. सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई. कई घंटों तक चली जांच के बावजूद किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. हालांकि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सतर्क बनी हुई है.
ईमेल भेजने वाले की तलाश तेज
पुलिस अब उस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है, जिसके माध्यम से धमकी दी गई थी. साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है.
पिछले हफ्ते सिविल कोर्ट को भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि बीते सप्ताह भी रांची में इसी तरह की घटना सामने आई थी. उस दौरान रांची सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई थी. उस मामले में भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन वहां भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी. लगातार मिल रही धमकियों के बाद रांची में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और संवेदनशील जगहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


