बड़ी खबर : अलर्ट पर झारखंड पुलिस, होली पर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द


टीएनपी डेस्क (TNP DESK): होली पर्व को देखते हुए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने कानून-व्यवस्था को लेकर अहम निर्णय लिया है. राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के उद्देश्य से सभी जिलों में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से होली खत्म होने तक निरस्त कर दी गई हैं.
यह निर्देश पुलिस मुख्यालय, रांची से जारी किया गया है. आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी प्रकार की छुट्टी स्वीकृत नहीं की जाएगी. विभाग का मानना है कि त्योहार के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके.

मुख्यालय ने सभी पुलिस महानिरीक्षकों, उप महानिरीक्षकों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है.
पुलिस विभाग ने साफ किया है कि होली के दौरान शांति, सौहार्द और साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं.
इस फैसले के बाद राज्य के सभी पुलिसकर्मी त्योहार के दौरान ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, ताकि होली शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके.
4+