शराब घोटाले की जांच तेज: ईडी के सामने पेश हुए पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित, शुरू हुई पूछताछ        

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 6, 2026

झारखंड के चर्चित शराब घोटाले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इसी कड़ी में पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव रविवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे मामले में पूछताछ शुरू कर दी गई. 

 

रांची (RANCHI): झारखंड के चर्चित शराब घोटाले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इसी कड़ी में पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव रविवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे मामले में पूछताछ शुरू कर दी गई. ईडी ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनसे शराब घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल-जवाब शुरू किए.

जानकारी के अनुसार, ईडी ने योगेंद्र तिवारी से जुड़े कथित शराब घोटाले की जांच के दौरान रोहित उरांव को दूसरा समन जारी किया था. समन में उन्हें 6 जुलाई को रांची स्थित ईडी कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था. निर्धारित समय पर वे जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए.

इससे पहले ईडी ने रोहित उरांव को 29 जून और पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था. हालांकि, दोनों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए एजेंसी से तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था. ईडी ने उनके अनुरोध पर विचार करने के बाद सीमित राहत देते हुए केवल एक सप्ताह का समय दिया और नई तारीख तय कर दोबारा समन जारी किया. नई समय-सारिणी के अनुसार रोहित उरांव को 6 जुलाई और रामेश्वर उरांव को 7 जुलाई को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. इसी क्रम में रोहित उरांव आज ईडी कार्यालय पहुंचे, जबकि पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव से सोमवार को पूछताछ की जाएगी.

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी शराब कारोबार, वित्तीय लेन-देन और कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ कर रही है. ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित शराब घोटाले में किन-किन लोगों की भूमिका रही और वित्तीय लेन-देन का नेटवर्क किस तरह संचालित हुआ. अब सबकी निगाहें सोमवार को होने वाली पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव की पूछताछ पर टिकी हैं. माना जा रहा है कि इस मामले में ईडी की कार्रवाई आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है, क्योंकि एजेंसी कथित आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच कर रही है.