मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR):बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने ससुराल पहुंचकर अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. पूरा मामला मुजफ्फरपुर के राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा गांव का है, जहां रिंकू देवी नाम की महिला की उसके पति ने ही हत्या कर दी.जानकारी के मुताबिक, मृतका का पति सऊदी अरब में नौकरी करता था और रिंकू देवी पिछले एक महीने से अपने मायके नवादा गांव में रह रही थी. आरोप है कि पति जब विदेश से लौटा तो वह अपने ससुराल पहुंचा और देर रात पत्नी की हत्या कर फरार हो गया.
कई वर्षों से दोनों के बीच विवाद और झगड़ा चल रहा था
मृतका की बहन ने बताया कि कई वर्षों से दोनों के बीच विवाद और झगड़ा चल रहा था.लड़का पक्ष को लड़की पसंद नहीं थी.इसी बात को लेकर कई बार कहासुनी हुई और पंचायत भी बैठी थी.बताया गया कि आरोपी दामाद शनिवार दोपहर बाद अपने ससुराल पहुंचा.उसने खाना खाया और वहीं सो गया.देर रात उसने अपने बैग में रखे चाकू से पत्नी का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और पिछले दरवाजे से फरार हो गया.वहीं, मृतका की दूसरी बहन ममता देवी ने बताया कि वह अपने ससुराल में थी. उन्हें फोन पर घटना की सूचना मिली. उन्होंने कहा कि दोनों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था.
ससुराल पक्ष के लोग हमेशा मारपीट करते थे
पूरे मामले पर मृतका की मां ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी के साथ हमेशा मारपीट करते थे और उसे ठीक से खाना भी नहीं देते थे. वे लोग अपने बेटे की शादी दूसरी जगह करना चाहते थे, जिसको लेकर विवाद भी हुआ था.उन्होंने बताया कि थाना में शिकायत करने पर थाना प्रभारी ने कहा था कि पति को विदेश से आने दीजिए, उसे समझा-बुझाकर मामला सुलझा दिया जाएगा.पूरे मामले पर राजेपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि नवादा गांव में रिंकू देवी नामक महिला की हत्या कर दी गई है. हत्या का आरोप उनके पति पर है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शनिवार को घर आया था उसने वहीं खाना खाया और पति-पत्नी एक साथ सो गए.सुबह घटना की जानकारी मिली. एफएसएल टीम को बुलाया गया है.घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
गला रेतकर हत्या की गई है
इस पूरे मामले पर एसडीपीओ अभिजीत कौर का भी बयान सामने आया है.उन्होंने बताया कि मृतका के पति शनिवार को ही सऊदी अरब से लौटे थे.प्रथम दृष्टया महिला की गला रेतकर हत्या की गई है.एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
