रामगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन भरोसा के तहत एक सराहनीय पहल करते हुए जिले के लगभग 150 लोगों को उनके खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे. इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी सहायता और पुलिस की लगातार कोशिशों से बरामद किया गया तथा उनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें सौंप दिया गया.
रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आए मोबाइल धारकों को उनके मोबाइल लौटाए गए. अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर की और रामगढ़ पुलिस की इस पहल की सराहना की. कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की मेहनत और तकनीकी जांच के कारण यह संभव हो सका.
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने लोगों को साइबर अपराध, मोबाइल सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया. साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की गई. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छोटी-सी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती है.
इसके अलावा कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान के तहत भी लोगों को जागरूक किया गया. युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया गया. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि उनका मोबाइल गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो तत्काल संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके.
रामगढ़ पुलिस का "ऑपरेशन भरोसा" न केवल लोगों का खोया सामान वापस दिलाने का प्रयास है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
