भागलपुर (BHAGALPUR) : जिले के विकास को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई बड़ी घोषणाएं की हैं. उन्होंने कहा कि विक्रमशिला पुल की मरम्मत तेजी से की जा रही है और इसे 30 नवंबर तक पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य है. इसके अलावा भागलपुर में मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा और पीरपैंती में करीब 70 हजार करोड़ रुपये की लागत से थर्मल पावर प्लांट का विस्तार होगा. इन योजनाओं से शहर के विकास के साथ-साथ रोजगार और उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई बड़ी घोषणाएं की
जिले के विकास को नई गति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई बड़ी घोषणाएं की हैं. उन्होंने कहा कि सरकार जिले में सड़क, पुल, पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
विक्रमशिला पुल को पूरी तरह चालू कर दिया जाए
मुख्यमंत्री ने बताया कि विक्रमशिला पुल की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है. पुल की खराब स्थिति को देखते हुए पहले सेना की मदद से अस्थायी वैकल्पिक पुल शुरू कराया गया था, ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो. अब स्थायी मरम्मत के लिए पथ निर्माण विभाग को 126 करोड़ रुपये उपलब्ध करा दिए गए हैं. सरकार का लक्ष्य है कि 30 नवंबर से पहले हर हाल में विक्रमशिला पुल को पूरी तरह चालू कर दिया जाए.
शहर में भी मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा
उन्होंने भागलपुर के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मुंबई के प्रसिद्ध मरीन ड्राइव की तर्ज पर शहर में भी मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा. इससे शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यातायात व्यवस्था भी पहले से बेहतर होगी.
पीरपैंती में बन रहे थर्मल पावर प्लांट का विस्तार किया जा रहा है
औद्योगिक विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीरपैंती में बन रहे थर्मल पावर प्लांट का विस्तार किया जा रहा है. पहले इसकी क्षमता 2400 मेगावाट तय की गई थी, जिसे अब 1600 मेगावाट और बढ़ाने की दिशा में काम चल रहा है. दोनों चरण पूरे होने के बाद इस परियोजना में करीब 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेगा परियोजना से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा. साथ ही बिजली उत्पादन में बढ़ोतरी होगी, जिससे भागलपुर ही नहीं बल्कि पूरे बिहार के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि इन योजनाओं के पूरा होने के बाद भागलपुर विकास और निवेश के मामले में राज्य के प्रमुख शहरों में शामिल होगा.
