बाबा नगरी में झारखंड पुलिस का एक्शन तेज़, 8,743 जवान रहेंगे तैनात

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 9, 2026

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस वर्ष मेले में 8,743 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी.

देवघर (DEOGHAR): विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस वर्ष मेले में 8,743 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित जिलों और इकाइयों को विस्तृत निर्देश जारी कर दिए हैं. मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्यभर से अतिरिक्त पुलिस बल देवघर भेजा जाएगा.

जारी आदेश के अनुसार, प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को 25 जुलाई 2026 की पूर्वाह्न तक हर हाल में देवघर में योगदान देना होगा. उनकी ड्यूटी 31 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी. सुरक्षा व्यवस्था के तहत 5,365 पुरुष लाठी बल, 440 महिला लाठी बल, 92 इंस्पेक्टर, 2018 बैच के 28 दारोगा, 730 एएसआई, 1,110 पुरुष सशस्त्र बल सहित विभिन्न इकाइयों के हजारों जवानों को तैनात किया जाएगा.

श्रावणी मेले की सुरक्षा के लिए रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), पलामू, लातेहार, गढ़वा, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और साहेबगंज समेत कई जिलों से पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अलावा झारखंड पुलिस अकादमी और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों से भी जवानों को देवघर भेजा जाएगा, ताकि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे.

पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों और समादेष्टाओं को निर्देश दिया है कि ड्यूटी पर भेजे जा रहे सभी अधिकारियों और जवानों के नाम तथा मोबाइल नंबर 20 जुलाई 2026 तक हर हाल में देवघर पुलिस को उपलब्ध करा दिए जाएं. इससे आवश्यकता पड़ने पर त्वरित समन्वय और संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी.

हर वर्ष श्रावणी मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं. ऐसे में इस बार भी झारखंड पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.