नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही, भारत ने भेजी राहत सामग्री,बिहार में अलर्ट

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 27, 2026

नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है. बाढ़ के कारण कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 400 लोगों के लापता होने की खबर है

नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है. बाढ़ के कारण कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 400 लोगों के लापता होने की खबर है, जिनमें 105 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं. इस घटना के बाद नेपाल में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है.

नेपाल की मुश्किल घड़ी में भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है. भारत सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए करीब 10 टन HADR यानी Humanitarian Assistance and Disaster Relief सामग्री के साथ जरूरी दवाइयां भेजी हैं. भारतीय वायुसेना का विमान राहत सामग्री लेकर नेपाल के लिए रवाना हो चुका है. इस सामग्री का इस्तेमाल बाढ़ प्रभावित लोगों तक जरूरी सामान और चिकित्सा सहायता पहुंचाने में किया जाएगा.

नेपाल में राहत अभियान के लिए सेना और पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं. प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसके अलावा ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है. चुनौतीपूर्ण मौसम और कई जगहों पर खराब हुए संपर्क मार्गों के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें भी सामने आ रही हैं.

नेपाल में बाढ़ की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है. अधिकारियों की ओर से ग्लेशियर झील फटने और भूस्खलन जैसी संभावनाओं की जांच की जा रही है. अचानक आई बाढ़ के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है.

उधर, गंडक नदी में संभावित बाढ़ को देखते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश में NDRF की टीमें हाई अलर्ट पर हैं. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. भारत और नेपाल के बीच राहत एवं बचाव प्रयासों में समन्वय जारी है, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जा सके.