नागपुर में बैंक लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बैंक का कामकाज खत्म होने के बाद आरोपी ने कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और करीब 4 लाख 53 हजार रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है.
वारदात नागपुर के सक्करदरा पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित SBI की एक शाखा में हुई.
आरोपी की पहचान सूरज बोरकर के तौर पर हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले बैंक की रेकी की थी और उसे जानकारी थी कि बैंक कर्मचारी ATM में कैश जमा करने वाले हैं.
बैंक का समय खत्म होने के बाद आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर बैंक में दाखिल हुआ और अचानक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया.
मिर्च पाउडर आंखों में पड़ते ही बैंक में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान आरोपी कर्मचारियों के हाथ से 4 लाख 53 हजार रुपये से भरा बैग लेकर भाग गया.
कर्मचारियों ने शोर मचाया और आरोपी का पीछा किया. पुलिस को भी तत्काल सूचना दी गई.
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बैंक से कुछ ही दूरी पर आरोपी सूरज बोरकर को कैश के साथ गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से पूरा 4.53 लाख रुपये का कैश बरामद कर लिया गया.
CCTV में कैद पूरी वारदात
CCTV फुटेज में आरोपी बैंक परिसर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है. चेहरे पर कपड़ा बांधे आरोपी थैले से मिर्च पाउडर निकालता है और बैंक कर्मचारियों की तरफ फेंक देता है.
इसके बाद कर्मचारी खुद को बचाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं. बैंक में अफरा-तफरी के बीच आरोपी कैश लेकर बाहर निकल जाता है.
पुलिस जांच जारी
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है. शुरुआती जांच में बैंक की पहले से रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने अकेले वारदात को अंजाम दिया या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था.
बैंक लूटने आया था आरोपी... कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, 4.53 लाख का कैश लेकर भागा... लेकिन पुलिस की तेजी से कुछ ही मिनट में पूरा कैश बरामद और आरोपी गिरफ्तार.
