मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में MHADA के फ्लैटों को लेकर विवाद सामने आया है. बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण यानी MHADA की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर और कम आय वर्ग के लोगों के लिए बनाए गए 110 फ्लैटों पर कथित तौर पर बांग्लादेशी घुसपैठियों ने कब्जा कर लिया है. सोमैया ने इसे 'लैंड जिहाद' का मामला बताते हुए MHADA अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग की है.
किरीट सोमैया का दावा है कि इन फ्लैटों के लिए मूल रूप से हिंदुओं के नाम पर आवेदन किए गए थे, लेकिन बाद में पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए इन फ्लैटों का वास्तविक कब्जा दूसरे लोगों को सौंप दिया गया. उनका आरोप है कि इनमें कथित तौर पर बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं.
सोमैया ने उदाहरण देते हुए कहा कि अविनाश रविधोने के नाम पर आवंटित फ्लैट पर फिलहाल मंसूरी जुनैद मोहम्मद का कब्जा है. इसके अलावा शकील अहमद सिद्दीकी, रिजवान मोहम्मद हुसैन, साजिद अली कादिर अब्दुल बाते, नसरीन रमजान शेख, मुनीरा रिजवान, मुजमिल शेख, अंसारी हफीजुर, खान सद्दाम हुसैन और मोहम्मद जहांगीर शेख समेत कई लोगों के नाम भी उन्होंने सामने रखे हैं.
बीजेपी नेता का कहना है कि सरकारी आवास योजना के तहत बनाए गए फ्लैटों को गलत तरीके से हासिल किया गया है. उन्होंने इस संबंध में MHADA के उपाध्यक्ष और मुख्य अधिकारी मिलिंद बोरीकर को पत्र लिखकर शिकायत की है. सोमैया के मुताबिक, नूराबाजार स्थित MHADA हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के 50 से ज्यादा निवासी उनसे मिले थे. उन्होंने अवैध कब्जे, अतिक्रमण, कथित घुसपैठ, बेनामी लेन-देन और धमकियों की शिकायत की है.
किरीट सोमैया ने आरोप लगाया है कि MHADA के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों, एजेंटों और अन्य लोगों की मिलीभगत से सरकारी आवास परियोजना में गड़बड़ियां हुई हैं. उन्होंने इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, सोमैया ने ऐलान किया है कि वह 14 नवंबर को खुद एंटॉप हिल स्थित MHADA परिसर का दौरा करेंगे और वहां के हालात का जायजा लेंगे.
फिलहाल, ये सभी आरोप किरीट सोमैया की ओर से लगाए गए हैं. इनकी स्वतंत्र जांच और संबंधित अधिकारियों की पुष्टि के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.
