एक ही ब्रांड, दो बोतलों की अलग कहानी! लेबल और बारकोड ने खोले सवालों के दरवाजे, शराब दुकान पर हंगामा

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • November 11, 2026

बोतलों पर एक ही ब्रांड का नाम,मगर पह चान में फर्क नजर आया, तो उठने लगे सवाल हजार! तीनपहाड़ बभनगामा में जेमसन व्हिस्की की दो बोतलों के लेबल, छपाई और बारकोड में कथित अंतर को लेकर शराब दुकान पर विवाद खड़ा हो गया.

 

साहिबगंज (SAHEBGANJ): बोतलों पर एक ही ब्रांड का नाम,मगर पह चान में फर्क नजर आया, तो उठने लगे सवाल हजार! तीनपहाड़ बभनगामा में जेमसन व्हिस्की की दो बोतलों के लेबल, छपाई और बारकोड में कथित अंतर को लेकर शराब दुकान पर विवाद खड़ा हो गया. उप भोक्ताओं ने विरोध जताते हुए उत्पाद विभाग से जांच की मांग की है. अब सवाल यह है कि बोतलों की पहचान में यह अंतर महज संयोग है या इसके पीछे कोई गंभीर अनियमितता छिपी है.

क्या है मामला

मामला तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बभनगामा स्थित सुभाष चौक मोड़ के पास संचालित अनुज्ञप्ति प्राप्त शराब की कंपोजिट दुकान का है.  जानकारी के अनुसार, जेमसन (Jameson) ब्रांड की दो बोतलों को जब लोगों ने आमने-सामने रखकर मिलान किया तो उनके लेबल, ब्रांड की छपाई, बारकोड और अन्य विवरणों में अंतर दिखाई देने का दावा किया गया.  बोतलों के आगे और पीछे अंकित जानकारियों में भी भिन्नता नजर आने की बात कही गई.  इसके बाद लोगों के मन में शराब की गुणवत्ता और उसकी वास्तविकता को लेकर संदेह पैदा हो गया.

क्या है लोगों का कहना

लोगों का कहना था कि जब ब्रांड एक है तो बोतलों की पहचान में इतना अंतर क्यों!आखिर उपभोक्ता किस आधार पर शराब की असलियत पर भरोसा करें!इसी सवाल को लेकर दुकान पर विरोध जताया गया और मामले की जांच कराने की मांग उठाई गई. इस दौरान काउंटर पर मौजूद दुकानदार से जब लोगों ने इस संबंध में जवाब मांगा तो उन्होंने संबंधित शराब अपनी दुकान से नहीं खरीदे जाने की बात कही.  हालांकि,विरोध कर रहे लोगों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि बोतलें इसी दुकान से खरीदी गई हैं.  इसके बाद दुकान पर बहस की स्थिति बन गई.

उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने लिया संज्ञान

बताया जाता है कि संबंधित दुकान बभनगामा मोड़ से सुभाष चौक जाने वाले मार्ग पर स्थित है.  दुकान के बोर्ड पर अनुज्ञप्ति संख्या 007 COM_SBG 25-26 तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 अंकित है.  बोर्ड पर अनुज्ञाधारी के रूप में प्रणिल कुमार नागपाल का नाम दर्ज है.

लोगों ने जिला उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों बोतलों की सील, बैच नंबर, बारकोड, लेबल, होलोग्राम और अन्य सुरक्षा चिह्नों की जांच कराने की मांग की है.  साथ ही शराब की आपूर्ति के स्रोत और उसकी गुणवत्ता की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठाई है.  लोगों का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

अब निगाहें उत्पाद विभाग की जांच पर

इस पूरे मामले ने उपभोक्ताओं के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं.  एक ही ब्रांड की दो बोतलें, लेकिन पहचान में अंतर! आखिर माजरा क्या है? क्या यह पैकेजिंग में अंतर है या आपूर्ति व्यवस्था में कोई गड़बड़ी! फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा. हालांकि,केवल लेबल और बारकोड में अंतर के आधार पर शराब को नकली घोषित नहीं किया जा सकता.  इसकी पुष्टि के लिए विभागीय जांच और आवश्यक प्रयोगशाला परीक्षण जरूरी है. अब देखना यह है कि उत्पाद विभाग कब जांच शुरू करता है और बोतलों के पीछे छिपे इस सवाल का सच कब सामने आता है.

रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर