रसुवा जिले के टिमुरे में मिट्टी के नीचे दबी 6 वर्षीय बच्ची को सशस्त्र पुलिस ने शुक्रवार शाम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस बच्ची को आज शनिवार को काठमांडू लाया गया.
भोटेकोशी बाढ़ में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान में जुटी सशस्त्र पुलिस टीम को मिट्टी के नीचे से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी. इसके बाद पुलिस ने तुरंत खोज अभियान शुरू किया और मिट्टी के नीचे दबी बच्ची को ढूंढकर बाहर निकाला.
बचाव के बाद बच्ची को सशस्त्र पुलिस बल नेपाल के बॉर्डर आउट पोस्ट, टिमुरे लाया गया. उसकी हालत लगातार कमजोर होती जा रही थी, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए शुक्रवार को ही हेलिकॉप्टर से उसे काठमांडू लाने का प्रयास किया गया.
हालांकि, रात का समय और प्रतिकूल मौसम के कारण बच्ची को उपचार के लिए काठमांडू लाना मुश्किल हो गया. इसलिए आज दोपहर में इस बच्ची को काठमांडू लाया गया है जहां अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
