मुंबई लोकल में दबंगई दिखाने वाला आरोपी सलाखों के पीछे... वायरल वीडियो बना गिरफ्तारी का सबसे बड़ा सबूत.

 

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • July 4, 2026

मुंबई लोकल एक बार फिर सुर्खियों में है. चलती ट्रेन में एक यात्री को जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

TNPDESK: मुंबई लोकल एक बार फिर सुर्खियों में है. चलती ट्रेन में एक यात्री को जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

 पुलिस का कहना है की तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया.

मुंबई की उपनगरीय रेल सेवा में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक और चिंताजनक मामला सामने आया है. एलटीटी रेलवे पुलिस ने 36 वर्षीय रमजान फकीर मोहम्मद इब्राहिम कुरेशी उर्फ इब्बा को गिरफ्तार किया है.

 आरोपी शिवाजी नगर की म्हाडा कॉलोनी का रहने वाला है.

रेलवे पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. यह वीडियो सीएसएमटी जाने वाली डाउन लोकल ट्रेन का था. घटना रात करीब 10 बजकर 34 मिनट पर गोवंडी और चेंबूर रेलवे स्टेशन के बीच हुई.

 पीड़ित सुरेंद्र शुक्ला (55) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गोवंडी स्टेशन से लोकल ट्रेन पकड़ी थी. उसी डिब्बे में मौजूद आरोपी रमजान कथित तौर पर नशे की हालत में मोबाइल फोन पर गाली-गलौज कर रहा था.

डिब्बे में महिला यात्री भी मौजूद थीं.

 सुरेंद्र शुक्ला ने आरोपी से महिलाओं के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल न करने की अपील की. इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि रमजान ने गुस्से में सुरेंद्र शुक्ला को जान से मारने की धमकी दी.

ट्रेन में मौजूद एक अन्य यात्री ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद एलटीटी रेलवे पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की.

 पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की. इसके बाद उसे रे रोड रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया.

रेलवे पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.