शराब पार्टी के दौरान युवक के पेट में लगी गोली, इलाके मैं फैली सनसनी

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 31, 2026

रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात शराब पार्टी के दौरान फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ,

 

 

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात शराब पार्टी के दौरान फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोली चला दी गई. इस घटना में टोनी लोहरा नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली उसके पेट में लगी है. घायल युवक मूल रूप से रातू के कमड़े इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार रात मंडा बगीचा में कई युवक एक साथ पार्टी करने के लिए जुटे थे. बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान शराब का सेवन भी किया जा रहा था. रात करीब दो बजे किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी. गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद कई युवक घटनास्थल से भाग निकले. स्थानीय लोगों का कहना है कि भागने वाले कुछ युवक नशे की हालत में थे. कुछ देर बाद एक युवक खून से लथपथ हालत में वहां मिला, जिसके पेट में गोली लगी थी. लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया. बाद में उसकी पहचान टोनी लोहरा के रूप में हुई.

असामाजिक तत्वों का अड्डा बनने का आरोप

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मंडा बगीचा इलाके में देर रात तक युवकों की अड्डेबाजी होती रहती है. लोगों का कहना है कि इलाके में शराब पीने और संदिग्ध गतिविधियों के कारण पहले भी परेशानी होती रही है. रविवार रात हुई फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया. सदर डीएसपी संजीव बेसरा और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की.

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आपसी विवाद के बाद फायरिंग की बात सामने आ रही है. हालांकि, गोली किसने चलाई और विवाद की असली वजह क्या थी, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हुआ है. पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है. वहीं, पेट में गोली लगने के कारण घायल टोनी लोहरा का रिम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है.