दिवाली की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ये इलाका, 45 वर्षीय मुन्ना साह के सिर में मारी गोली

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • November 9, 2026

साहिबगंज में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है. जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक में देर रात करीब दो बजे गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. इस वारदात में 45 वर्षीय मुन्ना साह गंभीर रूप से घायल हो गए. 

साहिबगंज (SAHIBGANJ): झारखंड के साहिबगंज में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है. जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक में देर रात करीब दो बजे गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. इस वारदात में 45 वर्षीय मुन्ना साह गंभीर रूप से घायल हो गए. गोली उनके सिर में लगी है. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.

मिली जानकारी के अनुसार, देर रात पूर्वी फाटक इलाके में मुन्ना साह को पवन कुमार शाह ने कथित तौर पर गोली मार दी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. रेहान ने उनका प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सक के अनुसार, मुन्ना साह के सिर में गोली लगी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

इधर, घायल मुन्ना साह के पुत्र ने आरोप लगाया है कि उनके पिता को पवन कुमार शाह ने गोली मारी है. हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वजह क्या है, इसकी जानकारी फिलहाल परिजनों को भी नहीं है. घटना के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है.

अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता और जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घायल के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है. रिहायशी इलाके में रात के दो बजे हुई इस गोलीबारी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

रिपोर्ट: गोविंद ठाकुर