हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. चौपारण थाना क्षेत्र में यात्रियों से भरा एक सवारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर चौपारण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बिहारो और सलैया गांव के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि सभी लोग एक शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस जा रहे थे. इसी दौरान चौपारण थाना क्षेत्र में उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और बचाव कार्य में पुलिस की मदद की. घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी.
एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर से गिरिडीह के बिहारो और सलैया गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है. हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण घटनास्थल की ओर रवाना हो गए. जिस यात्रा पर लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने निकले थे, वह रास्ते में ही एक बड़े हादसे में बदल गई. इस दुर्घटना ने दोनों गांवों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
