रांची: झारखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. राजधानी रांची के नामकुम इलाके में भी स्वर्णरेखा नदी उफान पर है. नदी का जलस्तर बढ़ने से नामकुम रेलवे क्रॉसिंग के पास पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है. इसके कारण इस रास्ते से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
जानकारी के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ा है. नामकुम रेलवे क्रॉसिंग के पास नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण लोगों का इस रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है. सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग से आवागमन बंद होने के बाद आसपास के लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस दूरी को तय करने में सामान्य दिनों में महज 300 मीटर का सफर करना पड़ता है, उसके लिए अब करीब 4 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है. इससे रोजाना इस रास्ते का इस्तेमाल करने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है. खासकर कामकाज और स्थानीय आवागमन के लिए इस मार्ग पर निर्भर लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
वहीं, नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है. बारिश जारी रहने की स्थिति में नदी का पानी और बढ़ने की आशंका को लेकर लोग सतर्क हैं.
इधर, प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है. नदी के उफान और पुल के ऊपर से बहते पानी के बीच लोगों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है. फिलहाल स्थानीय लोगों को जलस्तर कम होने और रास्ता दोबारा चालू होने का इंतजार है.
