समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में लड़की से छेड़खानी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की है. मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन राहुल, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान के सरकारी जमीन पर बने कथित अवैध और अस्थायी निर्माण को प्रशासन ने बुलडोजर से हटाया. वहीं, चौथे आरोपी विकास को सरकारी जमीन पर बने पक्के निर्माण को हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी राहुल ने सरकारी जमीन पर झोपड़ी बना रखी थी. प्रशासन की टीम ने बुलडोजर की मदद से इस झोपड़ी को ध्वस्त कर दिया. वहीं, दूसरे आरोपी रामबाबू सहनी ने सरकारी जमीन पर झोपड़ी बनाकर छोटा ढाबा खोल रखा था. यहां लिट्टी समेत अन्य खाने-पीने की चीजें बेची जाती थीं. प्रशासन ने उसके ढाबे के अस्थायी निर्माण को भी हटा दिया.
इसी मामले के तीसरे आरोपी अवधेश पासवान, जो जन वितरण प्रणाली यानी पीडीएस के डीलर हैं, की डीलरशिप भी निलंबित कर दी गई है. इसके साथ ही सरकारी जमीन पर बनाए गए उनके छोटे से बाउंड्री वॉल को भी प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया.
वहीं, मामले के चौथे आरोपी विकास ने भी सरकारी जमीन पर पक्की बाउंड्री वॉल बना रखी है. पक्का निर्माण होने के कारण प्रशासन ने उसे नोटिस जारी किया है और 24 घंटे के भीतर निर्माण हटाने का निर्देश दिया है. निर्धारित समय में निर्माण नहीं हटाने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
