प्रधानाध्यापक के निलंबन पर भड़कीं छात्राएं, स्कूल के मुख्य गेट पर रोककर किया प्रदर्शन

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • November 4, 2026

 झुमरी तिलैया स्थित सीडी बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह के निलंबन का आदेश जारी होने के बाद बुधवार को विद्यालय की छात्राओं ने इसके विरोध में विद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया. छात्राओं ने निलंबन के आदेश पर रोक लगाने तथा प्रधानाध्यापक को पद पर बनाए रखने की मांग की.

कोडरमा (KODERMA): झुमरी तिलैया स्थित सीडी बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह के निलंबन का आदेश जारी होने के बाद बुधवार को विद्यालय की छात्राओं ने इसके विरोध में विद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया. छात्राओं ने निलंबन के आदेश पर रोक लगाने तथा प्रधानाध्यापक को पद पर बनाए रखने की मांग की.

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र के माध्यम से प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने की सूचना दी गई है. पत्र में विभागीय अवहेलना को निलंबन का आधार बताया गया है. हालांकि, प्रधानाध्यापक का कहना है कि उन्हें निलंबन के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है. पत्र प्राप्त होने के बाद जब प्रधानाध्यापक विद्यालय परिसर से बाहर जाने लगे, तो छात्राओं ने उन्हें मुख्य द्वार पर रोक लिया. छात्राओं ने उनका हाथ पकड़कर वापस विद्यालय परिसर में लाने का प्रयास किया. छात्राओं का कहना था कि प्रधानाध्यापक के विद्यालय में आने के बाद पढ़ाई-लिखाई और विद्यालय की व्यवस्थाओं में काफी सुधार हुआ है. ऐसे में उनका निलंबन छात्राओं के हित में नहीं है.

जिला संयोजक ने की बात

इस मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक अतुल आनंद ने बताया कि उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राय से पूरे मामले पर बातचीत कर जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन उनका आरोप है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बीच में ही फोन काट दिया और मामले की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की. वहीं, प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह ने बताया कि उन्हें निलंबन से संबंधित पत्र प्राप्त हुआ है, लेकिन उसमें निलंबन के कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं है. विभाग की ओर से जारी आदेश का पालन करते हुए जब वह विद्यालय परिसर से बाहर जाने लगे, तो छात्राओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. फिलहाल, प्रधानाध्यापक के निलंबन को लेकर विद्यालय परिसर में छात्राओं के विरोध-प्रदर्शन के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है.

रिपोर्ट- अरुण बर्नवाल