बोकारो(BOKARO): धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है. आरोप है कि फेसबुक पर सांसद के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने के साथ उन्हें धमकी भी दी गई है. इस मामले को लेकर भाजपा बोकारो नगर अध्यक्ष विशाल गौतम ने मंगलवार, 3 नवंबर को बोकारो स्टील सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
फेसबुक अकाउंट से टिप्पणी करने का आरोप
विशाल गौतम ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के पारगो निवासी बैजनाथ महतो ने 3 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे अपने फेसबुक अकाउंट 'बैजनाथ भाई जयकैर' से सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की. शिकायत के अनुसार, पोस्ट में सांसद के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें धमकी भी दी गई.
छवि खराब करने की कोशिश का आरोप
भाजपा नेता विशाल गौतम का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना गलत है. उनके मुताबिक, इस टिप्पणी के जरिए सांसद की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है. उन्होंने पुलिस से संबंधित फेसबुक अकाउंट और पोस्ट की जांच करने की मांग की है.
साथ ही आवेदन में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है. फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं, आरोपी बैजनाथ महतो का पक्ष भी अभी सामने आना बाकी है.
