Ranchi में दो दिनों तक बंद रहेगी स्कूल,जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 27, 2026

चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित असर और मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. जिले में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे. जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार, KG से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए दोनों दिनों में पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा.

रांची (RANCHI): चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित असर और मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. जिले में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे. जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार, KG से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए दोनों दिनों में पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा.

 

भारत मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है. वहीं, रांची जिले को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा गया है. मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की है. संभावित खराब मौसम और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है.

प्रशासन के आदेश के मुताबिक, यदि किसी निजी विद्यालय में 28 या 29 अक्टूबर को पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है. हालांकि, परीक्षा आयोजित करने की स्थिति में संबंधित विद्यालय को इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को अनिवार्य रूप से देनी होगी.

स्कूलों में विद्यार्थियों की कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद शिक्षकों को राहत नहीं दी गई है. आदेश के अनुसार, सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को इन दोनों दिनों में विद्यालय पहुंचकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा. वहीं, सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी.

जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है. साथ ही सभी संबंधित लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है.