रामगढ़: ऑपरेशन भरोसा के तहत पुलिस ने 61 गुम मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को सौंपा

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 25, 2026

रामगढ़ पुलिस ने आम लोगों के गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद करने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन भरोसा’ के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है

रामगढ़ पुलिस ने आम लोगों के गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद करने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन भरोसा’ के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 61 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. बरामद किए गए सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए.

जानकारी के अनुसार, रामगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल गुम या चोरी होने के संबंध में लोगों ने पुलिस को आवेदन दिया था. इन आवेदनों में मोबाइल के IMEI नंबर समेत अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई थी. पुलिस ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी टीम की मदद से मोबाइल फोन को ट्रैक करने की प्रक्रिया शुरू की.

तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के माध्यम से पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से गुम हुए मोबाइल फोन की पहचान कर उन्हें बरामद किया. इसके बाद बरामद किए गए 61 मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों की पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद रामगढ़ एसपी कार्यालय में बुलाकर उन्हें सौंपा गया.

मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने रामगढ़ पुलिस की इस पहल की सराहना की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन भरोसा’ का उद्देश्य गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के साथ-साथ आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना है.

पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में ऑपरेशन भरोसा के तहत अब तक कुल 245 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया है.

पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को राहत मिली है, जिन्होंने मोबाइल गुम होने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. रामगढ़ पुलिस का कहना है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में लोग तत्काल संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं और मोबाइल का IMEI नंबर जरूर उपलब्ध कराएं, ताकि तकनीकी माध्यम से मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने में मदद मिल सके.