हजारीबाग:जीटी रोड की दनुआ घाटी एक बार फिर भीषण सड़क हादसे से दहल उठी. चौपारण थाना क्षेत्र के हथिया बाबा मोड़ के समीप महानेटांड कट के पास सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. इनमें कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक परिवार के सदस्य और रिश्तेदार थे, जो एक शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस जा रहे थे.
मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड अंतर्गत अटका गांव से करीब 20 लोग सवारी वाहन पर सवार होकर बनारस जा रहे थे. इसी दौरान दनुआ घाटी के महानेटांड कट के समीप वाहन के ऊपर रखा शव ढोने के लिए बांधी गई रस्सी ढीली हो गई. इसके बाद वाहन सड़क किनारे खड़ा कर यात्री रस्सी ठीक करने लगे. इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया. इसी दौरान पीछे से आ रहा कोयला लदा ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त सवारी वाहन से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. बाद में इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई. इस तरह मृतकों की संख्या सात हो गई.
मृतकों की संख्या सात हो गई.
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी. गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया. अन्य घायलों को भी अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. कुछ घायलों को रिम्स रेफर किया गया है.
हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे घायलों ने हादसे को बेहद दर्दनाक बताया. मृतक का अंतिम संस्कार करने बनारस जा रहे उनके पुत्र सीताराम ने बताया कि इस दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
इधर, घटना की सूचना मिलने पर सांसद प्रतिनिधि रंजन चौधरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर वे घायलों का हाल जानने और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराने पहुंचे हैं. उन्होंने घटना को अत्यंत मार्मिक बताया.
वहीं, अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजकिशोर भी सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों के समुचित इलाज को लेकर चर्चा की. उन्होंने बताया कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. हादसे में पांच लोगों की मौत घटनास्थल पर हुई थी, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.
