लातेहार:झारखंड में भर्ती व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी एवं निष्पक्ष नियुक्ति प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों को लेकर चल रही ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ के 16वें दिन पांकी-लातेहार में छात्र-युवाओं का जोरदार उत्साह देखने को मिला. यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार एवं अव्यवस्था के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की.
यात्रा के पांकी-लातेहार पहुंचने पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का छात्र-युवाओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. इस दौरान युवाओं ने रोजगार और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी अपनी समस्याओं को सामने रखा. युवाओं का कहना था कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार उठने वाले सवालों के कारण मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों में असमंजस और निराशा की स्थिति बनी रहती है.
इस अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि वर्षों से भर्ती परीक्षाओं को लेकर कभी परीक्षा में गड़बड़ी, कभी पेपर लीक, कभी परिणाम विवाद और कभी नियुक्ति प्रक्रिया में अनिश्चितता जैसे सवाल सामने आते रहे हैं. इसका सबसे अधिक असर राज्य के मेहनतकश छात्र-युवाओं पर पड़ता है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरी भर्ती व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से चल रही है. उनका कहना था कि सत्ता में कोई भी सरकार हो, भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह होनी चाहिए.
पांकी-लातेहार के छात्र-युवाओं ने रोजगार, न्याय और बेहतर भविष्य के लिए एकजुटता का संदेश दिया. यात्रा के आयोजकों ने कहा कि भर्ती व्यवस्था में वास्तविक सुधार होने तक संघर्ष जारी रहेगा. पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, युवाओं को न्याय और व्यवस्था में सुधार इस यात्रा का प्रमुख संकल्प है.
