आरक्षण बचाओ संविधान बचाओ मोर्चा का पटना में प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प के बाद प्रदर्शनकारी हिरासत में

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 8, 2026

पटना में आज आरक्षण बचाओ, संविधान बचाओ मोर्चा के तहत बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला. आरक्षण के मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च निकालने के लिए पहुंचे थे. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरक्षण के दायरे को बढ़ाया जाए और इसे न्यायपालिका समेत विभिन्न संस्थानों में भी प्रभावी तरीके से लागू किया जाए.

प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से राजभवन की तरफ आगे बढ़ रहे थे, लेकिन जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया. पुलिस द्वारा आगे जाने से रोके जाने के बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई. प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. देखते ही देखते मौके पर हंगामा बढ़ गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल को प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आगे आना पड़ा.

स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाना शुरू किया. इसके बाद एक-एक कर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. इस दौरान जेपी गोलंबर पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहनों में बैठाकर मौके से हटाया गया.

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन आरक्षण के अधिकार और संविधान में मिले सामाजिक न्याय के प्रावधानों को मजबूत करने के लिए है. उनका स्पष्ट कहना है कि किसी भी हालत में आरक्षण बढ़ाना होगा. साथ ही उनकी मांग है कि न्यायपालिका से लेकर देश के विभिन्न संस्थानों तक आरक्षण व्यवस्था को लागू किया जाए.

प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे और पुलिस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की तथा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है. प्रदर्शनकारियों की ओर से आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है.