कोडरमा में आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए नाबालिग,ग्रामीणों ने बिजली के पोल से बांध कर किया बुरा हाल

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 21, 2026

कोडरमा. जिले के लोचनपुर गांव में एक नाबालिग लड़की से मिलने पहुंचे दो नाबालिग लड़कों को ग्रामीणों द्वारा पकड़ने का मामला सामने आया है. घटना के बाद ग्रामीणों ने तीनों नाबालिगों को गांव में घुमाया और बिजली के खंभे से रस्सी से बांधकर माफी मंगवाई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिगों को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई. मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात दो नाबालिग लड़के गांव की एक नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर पहुंचे थे. सोमवार सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद वे लड़की के घर पहुंचे. ग्रामीणों का दावा है कि तीनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया.

बताया गया कि लड़की के पिता बाहर काम करते हैं, जबकि उसकी मां मायके गई हुई थी और लड़की घर पर अकेली थी. ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों लड़के पिछले दो-तीन दिनों से लगातार लड़की के घर आ रहे थे. घटना के बाद ग्रामीणों ने तीनों को गांव में घुमाया और खंभे से बांधकर माफी मंगवाई. इस दौरान भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराने की हिदायत भी दी गई.

घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच भी अलग-अलग मत सामने आए. कुछ लोगों ने इसे गांव के माहौल से जोड़कर उचित बताया, जबकि कुछ लोगों ने नाबालिगों को इस तरह सार्वजनिक रूप से दंडित किए जाने पर सवाल उठाए. इधर सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस गांव पहुंची और नाबालिगों को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई. थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है. नाबालिग युवती के परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.