नेपाल के हाइड्रो पावर प्लांट में काम करने गया हैदरनगर का अधेड़ लापता, विधायक से मिले परिजन

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • August 29, 2026

नेपाल के बाणेश्वर में हाइड्रो पावर प्लांट निर्माण कार्य में लगे पलामू जिला के मोहम्मदगंज थाना अंतर्गत बडंडा बरवाडीह गांव निवासी 50 वर्षीय महेंद्र विश्वकर्मा पिछले कई दिनों से लापता है. शनिवार को परिजन हुसैनाबाद विधायक संजय कुमार सिंह यादव के हुसैनाबाद स्थित आवास पर मिलकर महेंद्र विश्वकर्मा का पता लगाने के लिए सरकार से बात करने का आग्रह किया

नेपाल के बाणेश्वर में हाइड्रो पावर प्लांट निर्माण कार्य में लगे पलामू जिला के मोहम्मदगंज थाना अंतर्गत बडंडा बरवाडीह गांव निवासी 50 वर्षीय महेंद्र विश्वकर्मा पिछले कई दिनों से लापता है. शनिवार को परिजन हुसैनाबाद विधायक संजय कुमार सिंह यादव के हुसैनाबाद स्थित आवास पर मिलकर महेंद्र विश्वकर्मा का पता लगाने के लिए सरकार से बात करने का आग्रह किया. साथ ही विधायक को कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर से बात भी कराया. कंपनी के अधिकारी ने विधायक को बताया कि पूरा इलाका सेना के हवाले है. सेना के द्वारा रेस्क्यू किया जा रहा है. लोगों को रेस्क्यू कर के काठमांडू लाया जा रहा है. जैसे ही महेंद्र की कोई जानकारी मिलेगी परिजनों को बताया जाएगा. कंपनी के और लोग भी लापता हैं. विधायक श्री यादव ने झारखंड सरकार से भी कार्रवाई का आग्रह करेंगे. महेंद्र विश्वकर्मा की धर्म पत्नी कलावती देवी का कहना है कि उनके पति का मोबाइल 26 अगस्त से लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिवार में चिंता और बढ़ गई है. महेंद्र विश्वकर्मा पिछले दो माह से नेपाल के बाणेश्वर स्थित हाइड्रो पावर प्लांट में फैब्रिकेटर के रूप में कार्यरत है. उन्हें भारत से कंपनी ने दो माह पूर्व नेपाल भेजा था. वह नियमित रूप से घर पर फोन कर हालचाल बताता था, लेकिन अचानक पिछले कई दिनों से उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है.

इसी बीच नेपाल में आई भीषण बाढ़ में 1500 लोगों के लापता होने की खबरें सामने आने के बाद महेंद्र के घर में कोहराम मच गया है. परिजन अनहोनी की आशंका से भयभीत हैं और रो-रोकर बुरा हाल है.

परिजनों ने कंपनी के नंबर पर संपर्क किया तो कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं. लेकिन महेंद्र से बात न हो पाने के कारण परिवार का भरोसा नहीं बैठ रहा है. वे लगातार महेंद्र को फोन कर रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है. महेंद्र के माता पिता, दो छोटे भाई, दो बेटे, दो बेटियां और पत्नी लगातार कंपनी के अधिकारियों को संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं. वह लगातार नेपाल से आने वाली खबरों पर भी नजर बनाए हुए हैं. महेंद्र के परिजनों ने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय, झारखंड सरकार और हाइड्रो पावर प्लांट के अधिकारियों से जल्द से जल्द महेंद्र विश्वकर्मा का पता लगाने और उन्हें सकुशल वापस लाने की मांग की है. गांव के लोगों ने भी प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है. महेंद्र विश्वकर्मा के पुत्र व परिजनों ने इस संबंध में मोहम्मदगंज थाना को भी सूचना दी है. थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने इस संबंध में अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया है.