रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के SIR को लेकर अभियान लगातार जारी है. इस प्रक्रिया को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार भी अलग-अलग जिलों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं. निरीक्षण के दौरान वे अधिकारियों को SIR प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी नहीं होने देने के सख्त निर्देश दे रहे हैं. सरकार और निर्वाचन विभाग का मुख्य उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़ने से वंचित न रहे. खासकर 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
इसके तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि नए और छूटे हुए पात्र मतदाताओं का फॉर्म-6 के माध्यम से जल्द से जल्द पंजीकरण कराया जाए.
वहीं आंकड़ों की बात करें तो 8 सितंबर तक राज्य के 31,892 मतदान केंद्रों में से 410 केंद्रों पर एक भी फॉर्म-6 आवेदन नहीं मिला है. वहीं 9,326 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां केवल 1 से 5 आवेदन प्राप्त हुए हैं. शून्य फॉर्म-6 वाले मतदान केंद्रों में रांची की संख्या सबसे अधिक 217 है. इसके अलावा दुमका, देवघर, साहेबगंज, गढ़वा और गिरिडीह के मतदान केंद्र भी शामिल हैं. के. रवि कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए इस तारीख तक 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके या करने वाले सभी पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने राजनीतिक दलों के बीएलए-2 से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए.
बता दें, 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद दावा-आपत्ति की प्रक्रिया चल रही है और पात्र नागरिक 15 सितंबर 2026 तक फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं. इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा दी गई है. निर्वाचन विभाग की ओर से बीएलओ को घर-घर जाकर पात्र युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया जा रहा है.
