जमशेदपुर में शुरू हुआ जोहार पुलिस चैटबॉट, एक Hi से घर बैठे मिलेंगी पुलिस सेवाएं

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 9, 2026

जमशेदपुर में पुलिस से जुड़ी हर जरूरतों के लिए लोगों को अब थाना जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. जमशेदपुर पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए  ‘JOHAR POLICE’ चैटबॉट की शुरुआत की है. 

 

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में पुलिस से जुड़ी हर जरूरतों के लिए लोगों को अब थाना जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. जमशेदपुर पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए  ‘JOHAR POLICE’ चैटबॉट की शुरुआत की है. इसके जरिए लोग अपने मोबाइल से ही पुलिस सेवाओं का लाभ ले सकेंगे. बुधवार को एसएसपी एहतेशाम वकारीब ने इसकी शुरूआत की. एसएसपी ने बताया कि चैटबॉट को  WhatsApp के माध्यम से इस्तेमाल किया जा सकेगा. इसके लिए लोगों को 9471167577 नंबर पर WhatsApp से सिर्फ ‘Hi’ लिखकर भेजना होगा. इसके बाद चैटबॉट के जरिए उपलब्ध सेवाओं और जानकारियों तक पहुंच बनाई जा सकेगी. 

एसएसपी ने बताया कि ‘JOHAR POLICE’ के जरिए लोग खोए या चोरी हुए मोबाइल से संबंधित सहायता, साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत और जानकारी कर सकेंगे. इसके अलावा ट्रैफिक एवं चालान, पासपोर्ट वेरिफिकेशन और चरित्र प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी भी ले सकेंगे. वहीं, पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति जानने, पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन का स्टेटस देखने और अपने नजदीकी थाना की जानकारी हासिल करने की सुविधा भी इसमें दी गई है. एसएसपी ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों, ईव-टीजिंग की शिकायत भी कर सकेंगे. वरिष्ठ नागरिकों की सहायता भी इससे हो सकेगी. उन्होंने बताया कि पुलिस को सुझाव और फीडबैक देने का विकल्प भी चैटबॉट में उपलब्ध रहेगा. 

एसएसपी का कहना है कि चैटबॉट शुरू करने का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को आम लोगों के लिए ज्यादा सरल और सुलभ बनाना है. WhatsApp के जरिए घर बैठे जानकारी मिलने से लोगों का समय बचेगा. छोटे मोटे काम के लिए लोगों को थाना आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. पुलिस की यह पहल पुलिस और जनता के बीच संवाद को तेज करने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम मानी का रही है.